(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
वाराणसी। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन आफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के त्रैवार्षिक चुनाव में लखनऊ के सर्वेश कुमार सिंह अध्यक्ष और रायबरेली के आनन्द कर्ण महामंत्री निर्वाचित हुए हैं। कौशाम्बी के बाल मुकुन्द तिवारी कोषाध्यक्ष पद पर चुने गए हैं। इसके साथ ही एसोसिएशन के चुनाव में पांच उपाध्यक्ष, पांच मंत्री तथा 14 कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। सभी का निर्वाचन शिवपुर स्थित मारवाडी धर्मशाला में आयोजित साधारण सभा की बैठक में हुआ। चुनाव की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी राजीव शुक्ल द्वारा सम्पन्न कराई गई। एसोसिएशन के चुनाव के लिए प्रदेश भर से सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने सर्वसम्मति के आधार पर सभी पदों के लिये चुनाव किया। इस अवसर पर नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (इण्डिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा, महामंत्री त्रियुग नारायण तिवारी उस्थित थे। आम सभा का उद्घाटन विधान परिषद् सदस्य धर्मेन्द्र सिंह ने किया। साधारण सभा का आयोजन स्थानीय इकाई के अध्यक्ष विनोद बागी और महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव के संयोजन में हुआ। साधारण सभा में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान पर गहन चिंतन हुआ। प्रस्ताव पारित करके मांग की गई कि 58 साल से अधिक उम्र के सभी पत्रकारों को तत्काल पेंशन प्रदान की जाए। साथ ही आयुष्मान कार्ड की विसंगतियों की भी दूर किया जाए। पत्रकारों को पूर्व की भांति रेल यात्रा में पचास प्रतिशत की छूट प्रदान की जाए। भविष्य निधि संगठन की ओर से चलायी जा रही कर्मचारी पेंशन योजना की न्यूनतम राशि को एक हजार से बढाकर 10 हजार किया जाए।
एसोसिएशन के चुनाव में आगामी तीन वर्ष के लिए चुने गए पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र भी वितरित किये गए। निर्वाचन अधिकारी ने सर्वेश कुमार सिंह (लखनऊ) अध्यक्ष, विनोद बागी (वाराणसी) मो.बिलाल किदवई (लखनऊ), दिलीप कुमार गुप्ता (बांदा),राकेश कुमार सिंह (बरेली),अजय कुमार (मेरठ) सभी उपाध्यक्ष, आनन्द कर्ण (रायबरेली) महामंत्री, सलिल कुमार मिश्र (उन्नाव), सुरेन्द्र पाल सिंह (कानपुर), जयंत कुमार मिश्रा (बस्ती), डा पुखराज मलिक (बिजनौर), वीरेन्द्र कुमार (भदोही) सभी मंत्री, बालमुकुन्द तिवारी (कौशाम्बी) कोषाध्यक्ष, सैयद हसनैन कमर दीपू (जौनपुर), प्रदीप श्रीवास्तव (वाराणसी), सूर्य प्रकाश तिवारी (आजमगढ़), सुभाष चन्द्र (अम्बेडकर नगर), विवेकानन्द पाण्डे (अयोध्या), नाथ बख्श सिंह (अयोध्या),मो आफताब आलम (लखनऊ), आलोक कुमार वाजपेयी (सीतापुर), मिलिन्द द्विवेदी (रायबरेली), शिवनारायण सोनी (रायबरेली), दिनेश चन्द्र शर्मा (मुरादाबाद),रामनाथ सिंह (बिजनौर),ललित कुमार (मेरठ), मनोज कुमार उज्ज्वल (बागपत) निर्वाचित घोषित किये गए।





