(24×7 न्यूजटाइम संवाददात)
टोक्यो/नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जापान यात्रा के सम्मान में टोक्यो स्काईट्री को शुक्रवार को भारतीय तिरंगे के रंग में जगमगा दिया गया।
टोक्यो स्काईट्री जापान की सबसे ऊँची संरचना और दुनिया के सबसे ऊँचे स्वतंत्र टावर में से एक है।
श्री मोदी जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन संवाद में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को टोक्यो पहुँचे।
टोक्यो में स्थित टोक्यो स्काईट्री एक प्रमुख प्रसारण टावर, अवलोकन डेक और रेस्टोरेंट परिसर है। इसकी ऊँचाई 634 मीटर (2,080 फीट) है। इस टावर को निक्केन सेक्केई लिमिटेड द्वारा डिज़ाइन किया गया था और यह 2012 में बनकर तैयार हुआ था। इस टावर का डिज़ाइन अनोखा है, जो अपने आधार पर त्रिभुज से ऊपर उठते हुए गोलाकार आकार में परिवर्तित होता है। इसे तेज़ हवाओं और भूकंपों को ध्यान में रखकर बनाया गया था। साढ़े तीन सौ मीटर की ऊँचाई पर स्थित निचले डेक में एक रेस्टोरेंट, कैफ़े और 360-डिग्री अवलोकन फ़्लोर है। रात में, स्काईट्री को रोशन किया जाता है और इसका उपयोग शुक्रवार को भारत-जापान मैत्री को सम्मान देने जैसे आयोजनों के लिए विशेष रंगों को प्रदर्शित करने के लिए किया गया।





