(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में रविवार को मध्यप्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतीकात्मक शवयात्रा भी निकाली।
महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रेड क्रॉस चौराहे पर एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं। पुलिस ने उन्हें सिद्धांता हॉस्पिटल के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान बारिश शुरू होने पर कार्यकर्ताओं ने रोड पर रखी अर्थी को तोड़कर प्रदर्शन समाप्त किया।
इस प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह एवं नेहा बग्गा सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने कहा कि महिलाओं का अपमान अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने महिलाओं का सम्मान नहीं किया तो पार्टी का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी के संरक्षण में कांग्रेस नेता महिलाओं और मातृशक्ति के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह संदेश देंगे कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करने में विफल रही है, जबकि भाजपा ने सदैव महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और बराबरी का अधिकार दिया है।





