मतदाता सूची का परीक्षण, मतदान केन्द्रों व ईवीएम गोडाउन के निरीक्षण में आयोग ने जताई संतुष्टि
(24×7 न्यूजटाइम संवाददाता)
विदिशा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा केन्द्रीय निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाये जाने के बाद निर्वाचन आयोग भी पूरी तरह से एक्शन में है। मतदाता सूची की समीक्षा और उसमें नाम जोड़ने घटाने के कार्यों को देखने के लिए रविवार को केन्द्रीय निर्वाचन आयोग की एक टीम विदिशा जिले में पहुॅची। जहॉ जिले में बीएलओ द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
भारत निर्वाचन आयोग की टीम का नेतृत्व कर रहे अतुल्य नीरज ने कलेक्ट्रेट के बेतवा सभाकक्ष में बीएलओ की बैठक बुलाई जिसमें उपस्थित कुछ बीएलओ से मतदाताओं के नाम जोड़ने, घटाने एवं संशोधन के उपयोग में आने वाले फार्मों की जानकारी ली और नवीन मतदाता का नाम जोड़ने में किन-किन दस्तावेजो को लिया जा रहा है उसकी भी जानकारी ली। हालांकि बीएलओ द्वारा भी संतोषप्रद जबाव दिए गए।
इसके अतिरिक्त मतदाताओ के डबल नाम होने पर की जाने वाली कार्यवाही एवं बीएलओ द्वारा गलत नाम जोड़ने पर कार्यवाही, नियम निर्देशो को बताया गया साथ ही मतदाता सूची अंतर्गत सभी बीएलओ को अच्छा कार्य करने के निर्देश दिए गए अंत में सभी से कहा गया कि वह बीएलओ बनने पर गर्व करें कि उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने विदिशा जिले की विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 144 के मतदान केन्द्र 94 – सुनपुरा पहुंचकर मतदान केन्द्र का किया। यहां के बीएलओ संदीप गिरि से जेण्डर रेशियों, ईपी रेशियों, मतदाता के नाम जोड़ने, घटाने एवं संशोधन की जानकारी ली गई साथ ही मतदाता सूची का परीक्षण किया जिसमें कुछ मतदाताओं के फोटो स्पष्ट न होने के कारण बीएलओ को फोटो बदलने के निर्देश दिए गए तथा मतदान केन्द्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।
इसके बाद मतदान केन्द्र क्रमांक 104, 106-नगर विदिशा, जिला परिवहन कार्यालय उत्तरी खण्ड/पश्चिमी खण्ड का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा बीएलओ बैठक के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित ई.व्ही.एम. गोडाउन का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा बलो की उपस्थिति पंजी, सीसीटीव्ही कैमरों के माध्यम से एवं गोदाम की निगरानी सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया टीम द्वारा निरीक्षण संतोषप्रद पाया गया। टीम के निरीक्षण के दौरान साथ में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मोहिनी शर्मा और विदिशा एसडीएम क्षितिज शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।





