(24×7 न्यूजटाइम संवाददाता)
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में कुटीर, लघु, हस्त निर्मित वस्तुओं,का होगा समागम, आगामी 25 से 29 सितंबर को एक्सपो मार्ट में देश विदेश के छोटे-बड़े लाखों उद्यमियों के उत्पादों का लगेगा मेला।
ग्रेटर नोएडा इंडिया एक्सपो सेंटर में आज गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस 2025) के तीसरे संस्करण के तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश सरकार का प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला है, जिसे इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा। इसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, विविध ओडीओपी उत्पादों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बहु-क्षेत्रीय निवेश अवसरों का प्रदर्शन किया जाएगा।
डीएम मेधा रूपम ने कहा कि इस बार आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।
जिसमें प्रतिदिन करीब एक लाख लोगों के आने की संभावना है जिसके लिए सुविधाओं, सुरक्षा और आवश्यकताओं में सुधार किया जा रहा है, खासतौर पर पिछले संस्करण में सामने आई समस्याओं को हल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यूपीआईटीएस 2025 मोबाइल ऐप के शुभारंभ की घोषणा की, जो प्रदर्शकों, आगंतुकों और प्रतिभागियों को रीयल-टाइम अपडेट, नेविगेशन और अन्य उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराएगा, जिससे उनके अनुभव को और समृद्ध बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां एक टीम तैनात रहेगी और मेरी देखरेख में समस्याओं का तुरंत समाधान और आयोजन की निगरानी की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष का संस्करण और अधिक आकर्षक और सहभागी होगा, जिसमें कई इंटरैक्टिव कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं शामिल होंगी,जैसे बैटल ऑफ बैंड्स, एआई और रोबोटिक्स प्रतियोगिताएं, बिज़नेस आइडिया प्रतियोगिता तथा कई अन्य रोचक गतिविधियां, जो आयोजन में नई ऊर्जा और उत्साह भरेगी। मीडिया हाउस, प्रकाशकों, इन्फ्लुएंसर्स और ब्लॉगर्स से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस आयोजन को अपने-अपने प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से प्रचार प्रसार करें।
सुश्री रुपम ने कहा कि उनका योगदान न केवल इस संस्करण को पिछली बार से अधिक सफल बनाएगा, बल्कि प्रदेश को माननीय मुख्यमंत्री जी की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की परिकल्पना को साकार करने में भी सहयोग करेगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद आईईएमएल के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार ने कहा यूपीआईटीएस एक अनोखा और विशिष्ट व्यापार आयोजन है, जैसा किसी अन्य राज्य में नहीं होता। यह एक ऐसा मंच है, जहां उत्तर प्रदेश के सभी उत्पाद, सेवाएं, नवाचार और परंपराएं एक ही छत के नीचे प्रदर्शित और उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे व्यापार, वाणिज्य और अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ावा मिलता है। यूपीआईटीएस वास्तव में एक वैश्विक मंच के रूप में उभरा है, जो व्यापार, परंपरा और तकनीक को जोड़ता है। 2025 का संस्करण और भी भव्य होगा, जो उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, एमएसएमई और निर्यातकों के लिए नए अवसर खोलेगा।





