Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मध्यप्रदेश में नहीं होतीं हड़तालें, उद्यमी कोलकाता से ही चला सकते हैं फैक्ट्री : मोहन यादव

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल/कोलकाता। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पश्चिम बंगाल के उद्यमियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य शांति का टापू है, जहां श्रमिकों की हड़ताल जैसा कुछ नहीं होता और पश्चिम बंगाल के उद्यमी कोलकाता में ही रह कर अपनी फैक्ट्री चला सकते हैं।
डॉ यादव कोलकाता में “इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटी इन मध्यप्रदेश” में निवेश के लिए आयोजित इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत के बदलते दौर की नई तस्वीर बनाने में सबसे बड़ी भूमिका कोलकाता शहर की है। स्वामी विवेकानंद ने लगभग 200 साल पहले यह कल्पना कर दी थी कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। यह केवल बंगाल की माटी ही कर सकती है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1923 में आईसीएस की परीक्षा पास करके भारत को गौरव दिलाया। उन्होंने युवाओं की हिम्मत बढ़ाई और यह संदेश दिया कि भारतीय युवा किसी से कम नहीं हैं।
डॉ यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपनी दूरदृष्टि से बंगाल के विभाजन के समय ही इस कष्ट को पहचान लिया था कि यह केवल बंगाल का विभाजन नहीं, बल्कि एक बड़ा षड्यंत्र है। उन्होंने देश विभाजन के साथ-साथ धारा 370 के खतरे को भी पहचाना। यह केवल एक युगदृष्टा ही जान सकता था। देश की आज़ादी के बाद पहली बार जब संविधान में धारा 370 जोड़ी गई, तब भी उन्होंने इसका विरोध किया था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने हर कदम से उस समय के निर्णयों को दुनिया के सामने लाने में बड़ा योगदान दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस कलंक से देश को मुक्त कर एक नए प्रकार का भारत दुनिया के सामने खड़ा कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यहां कभी श्रमिकों की कोई हड़ताल नहीं होती। उन्होंने गारंटी के साथ उद्यमियों से कहा कि वे मध्यप्रदेश में उद्योग लगाएं, उसके बाद भले ही वे पश्चिम बंगाल में ही बैठे रहें, मध्यप्रदेश में फैक्ट्री चलती रहेगी। उद्यमी यहीं से अपनी फैक्ट्री को नियंत्रित कर सकते हैं। देश के मध्य में होने के कारण उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम की कनेक्टिविटी मध्यप्रदेश में सरलता से मिलती है, जिससे उद्यमी अपने प्रोडक्ट को पूरे देश में फैला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे शुद्ध और जैविक कॉटन अगर कहीं है तो वह मध्यप्रदेश में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धार जिले में पीएम मित्र पार्क का भूमि-पूजन करने आ रहे हैं, वहां संयंत्र के पैसे सरकार उद्यमियों से नहीं ले रही है। इसके साथ ही उन्होंने सभी उद्यमियों को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी के बल पर भारत ने जो राह बनाई है, वह अपने आप में ऊर्जा से परिपूर्ण है, भविष्य के विश्वास के प्रति आशावान है और दुनिया में नंबर वन स्थान पर पहुंचने के लिए कृत-संकल्पित है। हम सरकार के माध्यम से व्यापार और व्यवसाय को बढ़ावा देते हुए देश को आर्थिक मजबूती की ओर लेकर जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और व्यवसायियों के हित सुरक्षित करते हुए हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
डॉ यादव ने कहा कि 2023 में जब राज्य में भाजपा सरकार बनी तो सरकार ने सभी व्यापार और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए लोकहितैषी नीतियां बनाई। ये नीतियां उद्योगपतियों को व्यापार बढ़ाने, व्यापारियों की सुविधा और सुशासन की दिशा में आगे ले जाती हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles