Tuesday, June 2, 2026
spot_img

वोट चोरी के लिए मोदी-शाह जिम्मेदार : कांग्रेस

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि ‘वोट चोरी’ को सोची-समझी साजिश के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है और यह काम भाजपा सरकार के स्तर पर किया जा रहा है जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं।
कांग्रेस के बिहार के प्रभारी कृष्णा अलावरु, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश् राम तथा विधानसभा में विपक्ष के नेता शकील अहमद ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके आरोप निराधार नहीं, बल्कि तथ्यों पर आधारित हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले श्री मोदी ने चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव किया है और इसमें उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर गृह मंत्री को रखा गया है। दूसरी बात कानून में ऐसा बदलाव किया गया है ताकि चुनाव आयोग पर किसी तरह से कोई कार्रवाई न हो सके। इसके अलावा, मतदाता सूची रोल में खेल किया गया है जिसकी सच्चाई पूरे देश के सामने रखी गई है। उनका यह भी आरोप है कि भाजपा चुनाव और मतगणना के दिन भी घपला करती है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण वाराणसी का लोकसभा चुनाव था, जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी कई राउंड तक जीतते हैं, लेकिन जब लाइव अपडेट बंद हो जाता है तो अंतिम समय में श्री मोदी को जिता दिया जाता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा “हमने पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली। चुनाव आयोग ने पहचान के लिए 11 दस्तावेज मांगे हैं लेकिन आधार कार्ड को उसमें शामिल नहीं किया गया है। हमने लगातार मांग की थी कि आधार कार्ड को भी पहचान का दस्तावेज माना जाए। अब उच्चतम न्यायालय ने भी ये आदेश दिया है कि आधार को भी प्रामाणिक पहचान माना जाए। ये जनता की जीत है, उनके अधिकारों की जीत है।”
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के जरिए ‘वोट चोरी’ का जो सिलसिला जारी है। इससे पहले कांग्रेस लगातार बिहार के अहम मुद्दे- भुखमरी, बेरोजगारी, पलायन- उठा रही थी और इन मुद्दों पर हमारी मजबूत आवाज से राज्य और केंद्र की मौजूदा सरकार को समझ आ गया था कि प्रदेश में उनकी हालत खस्ता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से जनता के बीच ये संदेश गया है कि ‘वोट चोरी’ हो रही है और उनके अधिकारों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। इस यात्रा से जनता सजग हुई और लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुए। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से निकला नारा- वोट चोर, गद्दी छोड़ -अब पूरे देश में फ़ैल गया है। इस यात्रा से बिहार की जनता जाग गई और उन्होंने अपना पूरा समर्थन ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को दिया।

 

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles