मोदी ने मणिपुर में किया नेपाल के घटनाक्रम का उल्लेख
(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
इंफाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई महीनों की जातीय हिंसा से उबर रहे मणिपुर में नेपाल के इसी सप्ताह के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि अब वहां के युवा साफ-सफाई के काम में जुटे हुए हैं और उनकी यह सकारात्मक सोच प्रेरणादायी तथा नेपाल के नवोय का स्पष्ट संकेत है।
मणिपुर में ढाई वर्ष पहले हुई जातीय हिंसा के बाद पहली बार राज्य के दौरे पर आये श्री मोदी ने शुक्रवार को राज्य के लिए 8500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने मणिपुर के सभी संगठनों से अपील की कि वे शांति का रास्ता अपना कर लोगों के साथ मिलकर मणिपुर के विकास के सपनों को साकार करें।
उल्लेखनीय है कि नेपाल में इसी सप्ताह युवा भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाये जाने के खिलाफ सड़कों पर उतर आये थे। इस दौरान उन्होंने संसद सहित कई सरकारी भवनों में आगजनी और तोड़फोड़ की लेकिन दो दिन बाद वहां स्थिति शांतिपूर्ण होने पर वे अब सड़कों पर साफ- सफाई के काम में जुटे हुए हैं।
श्री मोदी ने यहां एक जनसभा में इस घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा , ” नेपाल में हुए घटनाक्रम में एक बात विशेष रही है…जिसकी ओर लोगों का ध्यान नहीं गया।

पिछले दो-तीन दिनों से नेपाल के युवक-युवतियां… नेपाल की सड़कों पर सफाई और रंग-रोगन का काम बड़ी मेहनत और पवित्रता के भाव से करते हुए देखे जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर आ रही उनकी ये तस्वीरें मैंने भी देखी हैं। उनकी ये सकारात्मक सोच, ये सकारात्मक कार्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि ये नेपाल के नवोदय का स्पष्ट संकेत भी है।”
प्रधानमंत्री ने नेपाल को भारत सच्चा मित्र बताते हुए कहा , ” आज, मणिपुर की इस धरती से, मैं नेपाल के अपने भाइयों और बहनों से भी बात करना चाहता हूँ। हिमालय की गोद में बसा नेपाल, भारत का सच्चा मित्र है। हम साझा इतिहास और विश्वास से बंधे हैं, और हम साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।”
श्री मोदी ने नेपाल में अंतरिम सरकार की बागडोर संभालने वाली सुशीला कार्की को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जतायी कि वे नेपाल में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी। उन्होंने कहा , ” मैं आज नेपाल में अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने पर 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से श्रीमती सुशीला जी को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि वे नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी। मैं नेपाल को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”





