Tuesday, June 2, 2026
spot_img

रूस से तेल आयात बंद करें नाटो देश, चीन पर लगायें 100 प्रतिशत तक आयात शुल्क: ट्रंप

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता/एजेंसी)

वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देशों से रूस से कच्चे तेल का आयात बंद करने और चीन पर 50 से 100 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने का आह्वान किया।
श्री ट्रंप ने ट्रुथसोशल पर शनिवार को नाटो देशों को लिखे एक पत्र को सार्वजनिक किया है। इसमें नाटो पर रूस के खिलाफ जीतने के लिए अपनी पूरी प्रतिबद्धता न दिखाने का आरोप लगाते हुये कहा गया है कि कुछ देशों का रूस से कच्चे तेल की खरीद जारी रखना ”स्तब्धकारी” है। उन्होंने सभी नाटो देशों के तैयार होने के बाद रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की भी बात कही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि रूस से तेल खरीद जारी रखने से उसके साथ ”आपकी सौदेबाजी की क्षमता” प्रभावित होती है। उन्होंने कहा है कि वह रूस पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं और नाटो देश जब इसके लिए तैयार हों तो बता दें।
उन्होंने कहा है कि इसके अलावा नाटो देशों को एक समूह के रूप में चीन पर 50 प्रतिशत से 100 प्रतिशत आयात शुल्क लगाना चाहिये जिसे बाद में यूक्रेन-रूस युद्ध की समाप्ति के बाद पूरी तरह हटा लिया जाना चाहिये। उनकी राय में यह कदम इस युद्ध को समाप्त करने में बेहद मददगार होगा।
श्री ट्रंप ने पत्र में लिखा है, ”रूस पर चीन का नियंत्रण और उसकी पकड़” काफी मजबूत है और ये कड़े आयात शुल्क उस पकड़ को ढीली कर देंगे।” उन्होंने कहा कि यह ”ट्रंप का युद्ध” नहीं है और यदि वह उस समय राष्ट्रपति होते तो यह शुरू ही नहीं होता। उनकी कोशिश सिर्फ यूक्रेन और रूस के हजारों लोगों की जान बचाने की है जो इस युद्ध में मारे जा रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है उनके कहे अनुसार चलने पर यह युद्ध जल्द समाप्त हो जायेगा और यदि ऐसा नहीं हुआ तो “आप मेरा समय, और अमेरिका का समय, ऊर्जा और पैसा बर्बाद कर रहे हैं।”
अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर 50 प्रतिशत और चीन पर 30 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles