Tuesday, June 2, 2026
spot_img

कांग्रेस राजद के शासन में “लालटेन की रोशनी में पंजा गरीब के पैसों पर हाथ मारता था”: मोदी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
पूर्णिया । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस-राजद पर बिहार का अपमान करने और भ्रष्टाचार करके राज्य की साख को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन नेताओं को अपनी तिजोरी भरने के अलावा गरीबों की कभी चिंता नहीं रही और कांग्रेस-राजद के शासन में “लालटेन की रोशनी में पंजा गरीबों के पैसों पर हाथ मारता था”।
श्री मोदी ने पूर्णिया में एक रैली को सम्बोधित करते हुए आज कहा कि बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग बिहार का अपमान करने में जुट जाते हैं । उन्होंने कहा कि वास्तव में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बिहार से नफरत है और अभी हाल ही में उनकी सहयोगी कांग्रेस पार्टी ने तो सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी थी।
कांग्रेस-राजद पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए श्री मोदी ने कहा कि इन दलों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया । उन्होंने कहा कि अब बिहार को विकास करते देखकर दोनों पार्टियों ने फिर बिहार को बदनाम करने की साजिश की है। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते और जिन लोगों को अपनी तिजोरी भरने की चिंता रही हो वो गरीब के घर की चिंता कदापि नहीं कर सकते ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस राजद की सरकार में सीधे गरीब के खाते में पैसे नहीं मिलने थे । उन्होंने कहा कि उनके एक प्रधानमंत्री ने माना था कि “कांग्रेस सरकार 100 रुपये भेजती है तो 85 पैसे बीच में ही लूट जाता है” उन्होंने कहा कि ” इन लोगो के शासन के दौरान लालटेन जला कर पंजा उन पैसों पर हाथ मारता था और 85 पैसे गायब कर देता था”।
श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार में सभी योजनाओं का फायदा लाभार्थी को सीधे मिल रहा है और उनके खातों में पैसे सीधे भेजे जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद से हर गरीब को मुफ्त राशन मिल रहा है, आयुष्मान योजना की वजह से हर गरीब को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गरीबों के लिए अस्पताल तक नहीं बनवाए वो उनके मुफ्त इलाज की सुविधा के बारे में कल्पना भी नहीं कर सकते ।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles