(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विरासत को सम्मान देने का काम किया है और देश में बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन हुआ। उनके नेतृत्व में देश ने दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है ।
जीपीओ पार्क में श्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम’ का शुभारंभ करते हुए उन्होने मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आज से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यह हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ हो रहा है।
योगी ने कहा , “ मोदी जी ने विरासत को सम्मान दिया। कोरोना से पूरी दुनिया पस्त थी। मोदी जी ने कई देशों को वैक्सीन दी।भारत के लोगों को फ्री में वैक्सीन लगी।”
उन्होने कहा कि श्री मोदी की गिनती दुनिया के चुनिंदा दूरदर्शी नेताओं में होती है। दुनिया प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रही है।अब हमारा भारत किसी का पिछलग्गू बनने की बजाय दुनिया को रास्ता दिखाने का काम कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उनके नेतृत्व में देश में एक तरफ़ जहां इन्वेस्टमेंट आया है वहीं दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजन हुआ है ।





