मुख्तार पर शिकंजा कसने वाले आईपीएस के लखनऊ घर में चोरी

0
92

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में तैनाती के दौरान माफिया मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसने वाले आईपीएस अधिकारी यमुना प्रसाद के घर में बीते बुधवार को चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने घर से नकदी, घड़ियों, चांदी के बर्तन और टोटियां समेत कई सामान पार कर दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यमुना प्रसाद वर्तमान में नोएडा में डीसीपी पद पर तैनात हैं और परिवार के साथ वही रहते हैं। लखनऊ के आवास पर रिश्तेदार असित सिद्धार्थ रहते थे, जिन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी।
घटना का खुलासा 23 सितम्बर को तब हुआ जब बिजली विभाग के कर्मचारी घर पहुंचे। घर खोलने पर भीतर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। खिड़कियों की ग्रिल कटी हुई थी और अलमारियां टूटी पड़ी थीं।
मुकदमा दर्ज कराए गए बयान में बताया गया कि 50 हजार रुपए नकद, तीन कलाई घड़ियां, दो दीवार घड़ियां, चांदी के बर्तन, दस चांदी के सिक्के, गिफ्ट आइटम और करीब 20 टोटियां चोरी हुईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
आईपीएस यमुना प्रसाद वही अधिकारी हैं जिन्होंने मुख्तार अंसारी को पंजाब से लाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने लग्जरी एम्बुलेंस मामले में फर्जीवाड़े की जांच कर मुकदमा दर्ज किया था जो अंसारी को यूपी लाने का बड़ा कारण बना। विकास नगर थाना प्रभारी अलोक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है,घर के आस पास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here