(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जीत के लिए 15 अक्टूबर को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान के तहत सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विजय के लिए समर्पित कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुट चुके हैं। ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से संवाद हमेशा नई प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा, “मुझे ऐसे ही कार्यकर्ताओं के साथ 15 अक्टूबर को सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। मेरा आग्रह है…आप सभी ‘मेरा बूथ सबसे मज़बूत’ अभियान से जुड़ें और अपने सुझाव आज ही साझा करें। चुने गए कुछ कार्यकर्ताओं से उनके सुझावों पर मैं सीधे उनके साथ चर्चा भी करुंगा।”
श्री मोदी की बिहार भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सीधी बात उनमें नयी ऊर्जा भरने का काम करेगी। हालांकि अभी तक राजग में सीट बंटवारे को लेकर आपसी सहमति नहीं बन सकी है। प्रधानमंत्री मोदी की यह घोषणा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सकारात्मक और ऊर्जा भरने वाली है।
गौरतलब है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में छह नवंबर और 11 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। इसका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन से है जिसमें कांग्रेस, वामपंथी दल और छोटे संगठन शामिल हैं। इस चुनाव में पहली बार प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी भी मैदान में है।





