Tuesday, June 2, 2026
spot_img

अटल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने किया उद्घाटन

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों तथा बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर अटल जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जनसंघ काल से लेकर अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन में राष्ट्रवादी विचारधारा को विस्तार दिया। उन्होंने कहा कि अटल जी द्वारा लिए गए साहसिक निर्णयों के लिए देश उन्हें सदैव स्मरण करता रहेगा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में संबोधन कर भारत और हिंदी का मान वैश्विक स्तर पर बढ़ाया। देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने, कारगिल विजय सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णयों में उनकी दूरदर्शिता झलकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अटल जी के सर्वहारा कल्याण के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के सभी वर्गों के लिए योजनाएं चला रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे युगद्रष्टा नेता थे, जिनकी सौम्यता, दृढ़ता और राष्ट्रभक्ति ने लोकतंत्र को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचारों को अपनाकर कार्यकर्ता संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित रहा। उनके विचारों में राष्ट्रभक्ति की गहराई और निर्णयों में अद्भुत दूरदर्शिता थी, जिसके कारण उनका सम्मान समर्थकों के साथ-साथ विरोधियों ने भी किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles