(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को सरल और सुविधाजनक तरीके से त्वरित नवीन बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए उपभोक्ता सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समयावधि में घर बैठे नया बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
कंपनी द्वारा जानकारी दी गई कि जुलाई 2023 से शुरू किए गए ऑनलाइन सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से अब तक भोपाल शहर और भोपाल ग्रामीण वृत्त में एक लाख से अधिक नए बिजली कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। वहीं पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में अब तक 4 लाख 96 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इनमें 10 किलोवॉट तक के अस्थायी कनेक्शन भी शामिल हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार सरल संयोजन पोर्टल पर आवेदन करते ही निर्धारित समय-सीमा में नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को कंपनी के पोर्टल https:aralsanyojan.mpcz.in:8888/home अथवा यूपीएवाई एप पर जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन और भुगतान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बिजली कंपनी द्वारा सर्वे सहित अन्य औपचारिकताएं तय समय-सीमा में पूरी की जाती हैं, जिसके उपरांत उपभोक्ता के परिसर में नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाता है।





