Tuesday, June 2, 2026
spot_img

9 से 11 जनवरी तक गुलाब की महक से महकेगी राजधानी भोपाल

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। फूलों के राजा गुलाब की खुशबू से 9 से 11 जनवरी तक राजधानी भोपाल का गुलाब उद्यान महकता रहेगा। उद्यानिकी विभाग और मध्यप्रदेश रोज सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में गुलाब प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में भाग लेने के लिये इच्छुक गुलाब उत्पादक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 6 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आयुक्त उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण अरविन्द दुबे ने बताया कि मध्यप्रदेश फूलों के उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। राज्य सरकार द्वारा फूलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में हर वर्ष भोपाल के गुलाब उद्यान परिसर में गुलाब प्रदर्शनी आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य गुलाब उत्पादकों को प्रोत्साहित करना और आमजन में गुलाब के प्रति रूझान बढ़ाना है।
प्रदर्शनी के अंतर्गत गमलों, बगिया तथा टैरेस पर तैयार किये गये गुलाबों की तीन श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। भोपाल शहर एवं आसपास के लगभग 40 किलोमीटर क्षेत्र में विकसित गुलाब उद्यानों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद 7 और 8 जनवरी को रोज सोसायटी एवं उद्यानिकी विभाग के प्रतिनिधि गुलाब उद्यानों का निरीक्षण करेंगे।
9 जनवरी को घरों में गमलों में उगाये गये गुलाबों का प्रदर्शन गुलाब उद्यान में किया जाएगा, जिसके लिये प्रतिभागी सुबह 8 से 12 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे। 10 जनवरी को कट-फ्लावर गुलाबों का प्रदर्शन किया जाएगा। गुलाब प्रदर्शनी का शुभारंभ 10 जनवरी को समारोहपूर्वक होगा, जबकि 11 जनवरी को विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये जाएंगे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles