इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर निजी बस हादसे का शिकार, 12 यात्री घायल

0
212

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
धार। मध्यप्रदेश में धार जिले के इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक निजी यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 12 यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और ओवरटेक करने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में घायल यात्रियों में सुनील सोलंकी, लक्ष्मी सोलंकी, सुरली, सुनील बघेल, धुलन चौहान, सुरेश अगाल, गणपत रावल और रुचिका सहित अन्य शामिल हैं। बस राजगढ़ से इंदौर की ओर जा रही थी।
इसी दौरान धार की ओर जा रहे क्षेत्रीय विधायक प्रताप ग्रेवाल मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने हादसा देखकर तत्काल अपना वाहन रुकवाया और अमझेरा पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। विधायक ग्रेवाल के प्रयास से तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पर अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की मदद कर दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया और मार्ग पर यातायात को पुनः सुचारू कराया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here