बंगलादेश में फरवरी में होने वाले चुनावों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नहीं भेजेगा संयुक्त राष्ट्र

0
239

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता/एजेंसी)
न्यूयॉर्क/ढाका। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि वह बंगलादेश में फरवरी में होने वाले संसदीय चुनावों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को वहां नहीं भेजेगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की दैनिक प्रेस ब्रीफिंग में सवालों का जवाब देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र को कहीं भी चुनाव पर्यवेक्षक भेजने की आवश्यकता नहीं है, जब तक कि उसे संयुक्त राष्ट्र महासभा या संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से अधिकृत न किया जाए।
संयुक्त राष्ट्र ने आखिरी बार 2001 में बंगलादेश के चुनावों का निरीक्षण करने के लिए पर्यवेक्षकों को भेजा था।
यह पूछे जाने पर कि क्या संयुक्त राष्ट्र 12 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय संसदीय चुनावों का निरीक्षण करने के लिए ढाका में पर्यवेक्षकों को भेजेगा, श्री दुजारिक ने पुष्टि की कि वह ऐसा नहीं करेगा। उन्होने कहा “नहीं। हम ऐसा नहीं करते। संयुक्त राष्ट्र खुद पर्यवेक्षकों को तब तक नहीं भेजता जब तक कि महासभा या सुरक्षा परिषद से कोई जनादेश न हो। इसलिए अब हम ऐसा नहीं करते हैं।”उन्होंने हालांकि कहा कि संयुक्त राष्ट्र जुड़ाव के अन्य रूपों पर विचार कर सकता है। उन्होंने कहा, “मैं आपके लिए यह जांच कर सकता हूं कि क्या संयुक्त राष्ट्र को संबंधित देश कोई तकनीकी सहायता दे रहा है, जो हम अक्सर चुनावों के मामले में करते हैं।”
श्री दुजारिक से 18 साल बाद बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान की देश वापसी और उनके बंगलादेश में लोकतांत्रिक परिवर्तन को प्रभावित करने की संभावना पर टिप्पणी करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, “मैं खबरों का आकलन करने वाला नहीं हूं। पत्रकार खबरों का आकलन करते हैं। इसलिए हम हर तरह से चुनावों और बंगलादेशी लोगों द्वारा अपने देश के लिए अपनी राजनीतिक दृष्टि की स्वतंत्र अभिव्यक्ति का समर्थन करेंगे।”
पूर्व तीन बार की प्रधानमंत्री खालिदा जिया के हाल ही में निधन पर एक सवाल के जवाब में श्री दुजारिक ने संगठन की ओर से संवेदना व्यक्त की और कहा, “हम निश्चित रूप से उनके परिवार और बंगलादेश के लोगों के प्रति उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here