Tuesday, June 2, 2026
spot_img

जी राम जी बिल भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक : पंकज चौधरी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को कहा कि विकसित भारत रोजगार गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण कार्यक्रम (जी राम जी) विधेयक भ्रष्टावार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक है।
श्री चौधरी ने कहा कि इससे पहले मनरेगा में काफी त्रुटियाँ थीं। जी राम जी बिल के अनुसार कानूनी रूप से 125 दिन का काम मिलेगा। काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान किया गया है। भुगतान की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। अगले पाँच वर्षों में इस योजना के तहत आठ लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस योजना से भारत के गाँव विकसित होंगे। तभी 2047 तक विकसित भारत का स्वप्न पूरा होगा। जी राम जी बिल भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक है। पहले की सरकारों में एक रुपये में से केवल पंद्रह पैसे ही लाभार्थी तक पहुँचता था। अब पूरा पैसा पहुँचेगा। कांग्रेस ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर योजनाएँ चलाईं।
उन्होने कहा कि एसआईआर पहली बार नहीं, बल्कि आठवीं बार हो रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य चुनाव आयोग का है। हमारा काम है कि इस कार्य को धरातल तक पहुंचाएं। यह सही है कि पहले चरण की मसौदा सूची में दो करोड़ 88 लाख लोगों का नाम नहीं आया है। एक करोड़ 28 लाख शिफ्टेड वोटर हैं। सभी कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि बूथ स्तर पर ड्राफ्ट लिस्ट की जाँच करें कि वोटर शिफ्ट हुए हैं या नहीं! जो लोग छूट रहे हैं, उन्हें प्रक्रिया पूरी कराकर जोड़ा जाए।
भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार का बजट आमजन का होता है, इस बार का बजट भी आमजन का ही होगा। समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए श्री चौधरी ने कहा कि पहले सपा यह तय करे कि पीडीए का अर्थ क्या है। कभी पी का अर्थ बदल देती है, तो कभी ए का अर्थ बदल देते हैं। भारतीय जनता पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है। सपा जाति आधारित पार्टी है।
उन्होने कहा कि कोई भी चुनाव चुनौतीपूर्ण होता है। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हर चुनौती के लिए तैयार रहता है। पार्टी कार्यकर्ता 365 दिन कार्य करता है और जनता के बीच रहता है। ब्राह्मण विधायकों के सहभोज पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles