ईडी ने फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले के मामले में देश भर में मारे छापे

0
211
(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)

नयी दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में गुरुवार को देश भर में तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान एक संगठित गिरोह को निशाना बनाते हुए चलाया गया, जिसने फर्जी नौकरी का झांसा देकर लोगों को ठगा है। एक ईडी अधिकारी ने कहा, “यह घोटाला शुरू में भारतीय रेलवे के नाम पर सामने आया था, लेकिन जांच में पता चला है कि इसमें वन विभाग, आरआरबी, भारतीय डाक, आयकर, उच्च न्यायालय, पीडब्ल्यूडी, बिहार सरकार, डीडीए और राजस्थान सचिवालय सहित 40 से ज़्यादा अन्य सरकारी संगठनों और विभागों के नाम पर धाेखाधड़ी की गयी है।”ईडी ने बताया कि गिरोह ने सरकारी डोमेन की नकल करके फर्जी ईमेल खाते बनाये और लोगों को फर्जी भर्ती पत्र भेजे। उन्होंने लोगों का विश्वास जीतने के लिए कुछ पीड़ितों को 2-3 महीने तक शुरुआती तनख्वाह भी दी, जिन्हें भारतीय रेलवे में आरपीएफ, टीटीई और टेक्नीशियन जैसे पदों पर रखा गया था।जांच के तहत, देश भर में 15 जगहों पर तलाशी जारी है। इनमें बिहार के मुजफ्फरपुर में एक जगह, मोतिहारी में दो, कोलकाता में दो जगह, केरल में चार, तमिलनाडु में एक, गुजरात में एक और उत्तर प्रदेश में चार जगहों पर छापे शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here