(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबले से एक दिन पहले इंदौर पूरी तरह क्रिकेट के रंग में रंग गया है। दोनों टीमें अब तक एक-एक मैच जीत चुकी हैं, जिससे रविवार को होल्कर स्टेडियम में होने वाला यह अंतिम और निर्णायक मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। शहर के होटल, सड़कों और स्टेडियम के आसपास क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। होटल रेडिसन से लेकर स्टेडियम तक प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए।
खेल की तैयारियों की बात करें तो भारतीय टीम का फोकस मजबूत बल्लेबाजी प्रदर्शन पर है। टीम प्रबंधन चाहता है कि शीर्ष क्रम एक बार फिर बड़े स्कोर की नींव रखे। वहीं न्यूजीलैंड की टीम तेज और स्पिन आक्रमण को धार देने में जुटी हुई है। कीवी टीम ने सुबह के सत्र में नेट अभ्यास के दौरान गेंदबाजी पर विशेष ध्यान दिया, जबकि भारतीय टीम ने दोपहर 1 बजे से अभ्यास कर मुकाबले से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया।
इधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। क्राइम ब्रांच के एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि होल्कर स्टेडियम और उसके पांच किलोमीटर के दायरे को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन उड़ाने और पतंगबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम के अंदर और बाहर 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टरों में बांटकर हाईटेक निगरानी की जा रही है। आसपास की ऊंची इमारतों से भी नजर रखी जाएगी। साथ ही टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी।
इन तमाम तैयारियों और जबरदस्त उत्साह के बीच इंदौर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है। रविवार दोपहर से शुरू होने वाले इस मुकाबले पर पूरे देश की निगाहें टिकी रहेंगी।





