(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री जनता की सुविधा हेतु 15949/15950 डिब्रुगढ़-गोमती नगर-डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचलन डिब्रुगढ़ से 30 जनवरी से तथा गोमतीनगर से 01 फरवरी से किया जायेगा। 15949 डिब्रुगढ़-गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 30 जनवरी, 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को डिब्रुगढ़ से 21.00 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी यात्रा में, 15950 गोमती नगर-डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस 01 फरवरी, 2026 से प्रत्येक रविवार को गोमती नगर से 18.40 बजे प्रस्थान करेगी।
इस अमृत भारत ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 07, साधारण द्वितीय श्रेणी के 10, एस.एल.आर.डी. के 02 तथा पेंट्रीकार के 01 कोच सहित कुल 20 कोच लगाये जायेंगे। अमृत भारत एक्सप्रेस एक ऐसी ट्रेन है, जो यात्रियों की अत्याधुनिक सुविधाओं और किफायती यात्रा की नई परिकल्पना का प्रतीक है। यह ट्रेन आकर्षण डिज़ाइन और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। यह स्वदेशी ट्रेन आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूत करती है। तकनीकी दृष्टि से भी अमृत भारत एक्सप्रेस अत्यंत सुरक्षित है। कवच सिस्टम से युक्त इस ट्रेन में सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत ब्रेक लग सके। इसके सभी कोच पूरी तरह से सील्ड गैंगवे और वैक्यूम एवैक्यूएशन सिस्टम से युक्त हैं।
इस ट्रेन में यात्रा के दौरान आराम का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में सेमी ऑटोमैटिक कपलर का उपयोग किये जाने से कोच जोड़ते या अलग करते समय झटका या शोर नहीं होता। डिफॉर्मेशन ट्यूब दुर्घटना की स्थिति में झटका कम कर देती है। पुश-पुल तकनीक इसकी रफ्तार बढ़ाने में मदद करती है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के कोचों में आधुनिक फीचर में फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, बॉटल होल्डर, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स, आरामदायक सीटें और बेहतर बर्थ सम्मिलित हैं। हर शौचालय में इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक फ्लशिंग प्रणाली, ऑटोमैटिक सोप डिस्पेंसर और फायर सप्रेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इस ट्रेन में दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, हर यात्री के लिए फास्ट चार्जिंग पोर्ट और पेन्ट्री कार जैसी सुविधाएं यात्रा को और सुखद बनाती हैं।





