Tuesday, June 2, 2026
spot_img

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नेहरू-गांधी परिवार पर राष्ट्रीय हितों से समझौता करने के लगाये आरोप

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को यहां कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उनके खिलाफ राष्ट्रीय हितों से समझौता करने के आरोप लगाये। श्री नवीन ने यहां पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि देश के इतिहास और वर्तमान राजनीति में कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका पर गंभीर सवाल उठते हैं। दूसरी ओर श्री नवीन ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम, पार्टी उसके बाद स्वयं को सबसे अंत में रखने के सिद्धांत पर आधारित है, जहां सिर्फ राष्ट्रहित सर्वोपरि है। जबकि कांग्रेस की राजनीति स्वयं को सबसे आगे, उसके बाद पार्टी और सबसे अंत में देश की सोच से संचालित रही है, जहां हमेशा से ही राष्ट्रहित से समझौता करते हुए व्यक्तिगत स्वार्थ को सर्वोपरि माना जाता रहा है। श्री नवीन ने पटना में कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने कई बार अपने हितों को देशहित से ऊपर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 1954 में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने तिब्बत में भारत के अधिकार चीन को सौंप दिए थे।
श्री नवीन ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के चुनाव अभियान को लेकर अतीत में विदेशी फंडिंग (धन प्राप्ति) की बातें सामने आई थीं और उस दौर में भी राष्ट्रीय हित प्रभावित हुए। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़े रक्षा सौदों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इन मुद्दों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे विदेशों में जाकर भारत के खिलाफ बयान देते हैं और विदेशी ताकतों के प्रभाव में राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी का आचरण विपक्ष की जिम्मेदार भूमिका के अनुरूप नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने 2004 से 2014 तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वास्तविक सत्ता संरचना पर भी प्रश्न उठे थे और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के माध्यम से समानांतर व्यवस्था चलने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के सामने अपने रुख को स्पष्ट करना चाहिए और ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन मुद्दों को समझ रही है और आने वाले समय में राजनीतिक रूप से इसका असर दिखाई देगा।
उल्लेखनीय है कि श्री नवीन का यह बयान कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच आया है और इसे दोनों दलों के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के रूप में देखा जा रहा है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles