नयी दिल्ली (24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। असम, केरल और पुड्डुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गयी।
चुनाव आयोग ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि असम, केरल और पुड्डुचेरी में होने वाले विधानसभा के आम चुनाव तथा गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में होने वाले विधानसभा के उप चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज पूरी हो गयी। चुनाव आयोग के मुताबिक असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 817 उम्मीदवारों ने 1388 नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं, केरल की 140 सीटों के लिए 1,252 प्रत्याशियों ने 2,117 नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसी तरह से पुड्डुचेरी की 30 सीटों के लिए 442 प्रत्याशियों ने 514 नामांकन पत्र जमा किया है।
आयोग ने बताया कि गोवा में विधानसभा की एक सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों ने 12 नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं, कर्नाटक की दो सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए 54 उम्मीदवारों ने 71 नामांकन पत्र जमा किये है। इसके अलावा नागालैंड की एक सीट के लिए सात प्रत्याशियों ने कुल सात नामांकन पत्र दाखिल किया है। त्रिपुरा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए छह प्रत्याशियों ने 16 नामांकन पत्र भरा है। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने 15 मार्च को असम, केरल, पुड्डुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधान सभाओं के आम चुनावों और छह राज्यों में उपचुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था। असम और केरल तथा पुड्डुचेरी में और उन चार राज्यों में उपचुनावों के लिए, जहाँ नौ अप्रैल को मतदान होना है, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च थी। इन राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों और उपचुनावों के लिए नामांकनों की जाँच की तिथि 24 मार्च और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च को अपराह्न तीन बजे तक है।





