देहरादून(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में हैट्रिक सुनिश्चित करने की तैयारी में पहले से जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से मिलने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। जबकि राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दम भरने के लिए राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर आगामी चार जून को देहरादून पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर पारंपरिक परिधान में, उत्साहपूर्वक एवं सादगी से 25 से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जायेगा। वह 28 मई को सायं 4:35 पर देहरादून जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे। जहां से प्रदेश कार्यालय पहुंचकर 06.15 से कोर कमेटी एवं तत्पश्चात मंत्रियों की बैठक लेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अगले दिन प्रातः मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। उसके बाद वे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल पहुंचकर 11:00 बजे से विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों में सम्मिलित होंगे। जिसमें सबसे पहले सांसद, विधायकों के साथ बैठक, उसके बाद दोपहर 2:00 बजे से प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके उपरांत शाम 4:00 बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। सांयकॉल वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे। श्री भट्ट के अनुसार, प्रवास के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के ड़ाकरा, गड़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे। तत्पश्चात वहां से बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद वे शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग सिंहनीवाला में 11:00 बजे से आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर दो बजे से सीएम आवास स्थित मुख्य मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात श्री नबीन सांय 4.35 बजे वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके लगभग चार दिन बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि वे चार जून को अल्मोड़ा में रैली को संबोधित करेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में संवाद करेंगे। जबकि अगले दिन पांच जून को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्री व विधायकों, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव कर रणनीति पर चर्चा करने के साथ फीडबैक भी लेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा संचार होगा।





