Tuesday, June 2, 2026
spot_img

पीलीभीत में बनेगा 49 करोड़ रुपये की लागत का लेपर्ड सफारी पार्क

पीलीभीत(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व के समीप स्थित सामाजिक वानिकी क्षेत्र में जल्द ही लेपर्ड सफारी पार्क विकसित किया जाएगा। करीब 1700 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस प्रोजेक्ट पर लगभग 49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपद के जंगलों को मिलाकर इस लेपर्ड सफारी पार्क की योजना तैयार की गई है। सामाजिक वानिकी के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) भरत कुमार डीके द्वारा तैयार की गई परियोजना को मुख्य वन संरक्षक के माध्यम से शासन को भेजा गया है।
प्रस्तावित योजना के तहत जंगल के भीतर दो प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। करीब 1700 हेक्टेयर के इस विशेष कॉरिडोर में लगभग 30 किलोमीटर लंबा सफारी रूट विकसित करने की तैयारी की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण तेंदुए अब अन्य सुरक्षित क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में सामाजिक वानिकी की दियोरिया रेंज और शाहजहांपुर जिले की खुटार रेंज का जंगल तेंदुओं के लिए उपयुक्त आवास के रूप में उभर रहा है।
योजना के अनुसार पर्यटकों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत पिंजरेनुमा संरक्षित वाहनों में जंगल के भीतर भ्रमण कराया जाएगा, जबकि तेंदुए खुले वातावरण में रहेंगे। इससे पर्यटकों को रोमांचक वन्यजीव अनुभव मिल सकेगा।
मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि 49 करोड़ रुपये की लागत वाली इस कार्ययोजना को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में शामिल कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles