Tuesday, June 2, 2026
spot_img

यूपी के 46 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

लखनऊ(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 14 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
गुरुवार देर रात से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ तथा बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से आ रही नम हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के अनेक हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश हुई। राजधानी लखनऊ सहित पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम सुहावना हो गया। तराई क्षेत्र में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। बाराबंकी, सीतापुर, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद और बरेली समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि खराब मौसम के कारण जनहानि की घटनाएं भी सामने आई हैं। पिछले 24 घंटों में छह और लोगों की मौत के बाद आंधी-तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मिर्जापुर में सर्वाधिक 100 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद अयोध्या में 90 मिमी, प्रयागराज में 61 मिमी, उन्नाव में 59 मिमी और सिद्धार्थनगर में 51 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर सबसे अधिक वर्षा वाला जिला रहा, जहां 32 मिमी बारिश हुई। हाथरस में 30 मिमी तथा बिजनौर, हमीरपुर और जालौन में 20-20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर (भदोही), देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री नमी के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू से राहत मिलने की संभावना है। शनिवार को राजधानी में भी तेज हवाओं के साथ छिटपुट वर्षा हो सकती है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच मौसम विभाग ने वर्ष 2026 के मानसून पूर्वानुमान में संकेत दिया है कि अल नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत कम वर्षा हो सकती है। जून माह में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने तथा सामान्य से दो से तीन अधिक लू के दौर पड़ने की संभावना भी जताई गई है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles