(24x7newstime Correspondent)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के गौरव और उत्कर्ष का समय है और भारत 2047 तक विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा होगा।
डॉ यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने आज स्वतंत्रता दिवस पर पार्टी प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की एक लंबी लड़ाई और बलिदान से हमें आजादी मिली है। आज का यह पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्यौहार है। हम सब का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान सम्मान लगातार बढ़ रहा है। यह स्वर्णिम काल है और हम उसके साक्षी हैं, लेकिन हमें भूलना नहीं है उन अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और जिन क्रांतिकारियों को, जिनके बलिदान से हमें आजादी मिली। यह झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, रानी अवंती बाई, रानी दुर्गावती, झलकारी बाई, टंट्या मामा, भीमा नायक, तात्या टोपे, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जैसे उन सभी बलिदानियों का स्मरण करने का भी अवसर है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए प्राण न्यौछावर कर भारत माता को गौरवान्वित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी लगातार देश को आगे बढ़ाने का कार्य रहे हैं। उनका आने वाला कार्यकाल भी उनकी सौम्यता, सक्षमता और भारत को उत्कर्ष की दिशा में लेकर जाएगा और भारत 2047 तक विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने कहा कि लाखों लोगों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली है। आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वालो का बलिदान व्यर्थ न जाए इसकी चिंता एक-एक कार्यकर्ता को करना है। आज देश और प्रदेश सशक्त और मजबूत हाथों में है। मध्यप्रदेश को सशक्त और विकसित प्रदेश बनाने के लिए हमें अपना अमूल्य योगदान देना होगा।





