कांग्रेस सरकारों के दौर में ऊंचे कर के कारण लोगों का बजट बिगड़ जाता था : मोदी

0
121

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान, उच्च कर दरों के कारण लोगों का मासिक बजट गड़बड़ा जाता था। जबकि एनडीए सरकार ने लोगों को समय पर राहत देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था में सुधार देश के लिए -सहायता और वृद्धि की दोहरी खुराक है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में आगे बढ़ते भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली में अगली पीढ़ी के सुधार किये गये हैं। श्री मोदी राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जीएसटी के बड़े सुधारों का सार यही है कि इससे देश की अर्थव्यवस्था में पंचरत्न जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन रत्नों में पहला रत्न कर प्रणाली का अधिक सरल होना है। दूसरा रत्न भारत के नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में और सुधार, तीसरा रत्न उपभोग और आर्थिक वृद्धि-दोनों की नयी खुराक, चौथा रत्न कारोबार में आसानी से निवेश और नौकरी को बल और पांचवा रत्न विकसित भारत के लिए सहकारी संघवाद में और मजबूती है।
उन्होंने कहा कि भारत की नौजवान पीढ़ी के पास वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक बनने के मौकों की कोई कमी ना रहे, इसमें भी हमारे शिक्षकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
श्री मोदी ने संसद के पिछले सत्र में पारित आनलाइन गेमिंग नियमन एवं विकास अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा, ”हमें अपने युवाओं की भलाई की चिंता है। इसीलिए, हमने ऑनलाइन मनी गेम्स को रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।”
प्रधानमंत्री ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा, ‘आइए, एक आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में काम करें! और, युवा पीढ़ी को इस लक्ष्य के लिए प्रेरित करने में हमारे शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here