(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। बिहार में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के संदर्भ में कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई बेहद आपत्तिजनक कथित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने अपनी निकृष्ट मानसिकता का परिचय दिया है।
डॉ यादव ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी की पूजनीय माताजी के लिए अभद्र और अनैतिक भाषा का उपयोग, भारतीय संस्कृति को पल्लवित करने वाली मातृशक्ति का अपमान है। विपक्षी गठबंधन के उच्च पदों पर आसीन नेताओं ने प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी ही नहीं, बल्कि माता सीता की धरती बिहार सहित संपूर्ण देशवासियों को अपनी निकृष्ट मानसिकता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता निश्चित ही इस अमर्यादित आचरण को लोकतांत्रिक शक्ति से जवाब देगी।
दरभंगा में विपक्षी दलों की एक रैली के दौरान सार्वजनिक मंच से कांग्रेस के कुछ नेताओं ने श्री मोदी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर विपक्षी गठबंधन पर बेहद आक्रामक तरीके से हमलावर हो रही है।





