(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नोएडा 05 सितंबर । उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में रिहायशी इमारतें बनाने वाले तीन बिल्डरों पर साल 2010 से नोएडा प्राधिकरण के तीन सौ करोड़ रुपए से अधिक बकाया हैं। प्राधिकरण द्वारा बकाया जमा करने के लिए 2010 से लगातार इन बिल्डरों को नोटिस जारी किया जा रहा है। प्राधिकरण ने बिल्डरों द्वारा नोटिस की अवहेलना करने पर रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर जिला प्रशासन से कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि इन बिल्डरों पर 353.41 करोड़ बकाया है। प्राधिकरण द्वारा नोएडा के सेक्टर 77, सेक्टर 120, सेक्टर 78 में तीन बिल्डरों को भूमि आवंटित किए गए थे। इनमें से प्रतीक रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड को मार्च 2010 में सेक्टर 77, और सेक्टर 120 में 2009 दिसंबर में भूमि आवंटित की गई थी, जिसका बिल्डर कुल 236.45 करोड़ रुपए बकाया है जो अब तक बिल्डर द्वारा जमा नहीं किया गया। वहीं सेक्टर 78 में महागुन रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड को अप्रैल 2010 में लीज डीड पर कब्जा कराते हुए भूमि आवंटित की गई,जिसपर प्राधिकरण का 116.96 करोड़ रुपए बकाया हैं जो जमा नहीं किया गया। प्राधिकरण द्वारा साल 2019 में आए महामारी कोविड 19 के अंतर्गत सभी बिल्डरों को 2023 में राहत का लाभ देते हुए 25 प्रतिशत राशि जमा करने को कहा गया जिसके बावजूद बिल्डरों ने प्राधिकरण के निर्देश और नोटिस की अवहेलना की और आखिर में प्राधिकरण द्वारा बिल्डरों पर रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर जिला प्रशासन से कार्रवाई की अपील की।





