(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में अपरान्ह 12 बजे मध्यप्रदेश की समस्त छह विद्युत कंपनियों के एक हजार 60 नवनियुक्त युवा कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
ऊर्जा विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह में 51 हजार 711 नए स्थाई पदों की स्वीकृति के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
विद्युत कंपनियों के लिए नवीन संगठनात्मक संरचना स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन भी किया जाएगा। समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई, एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक अविनाश लवानिया, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनूप कुमार सिंह, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह व मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमशिन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी सहित विद्युत कंपनियों के वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहेंगे।
इस समारोह में नवनियुक्त युवा कार्मिकों के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया है। समारोह में प्रदेश की समस्त विद्युत कंपनियों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस आयोजन में विद्युत कंपनियों के 12 कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। विद्युत कर्मचारी संगठनों प्रतिनिधियों से कर्मचारी हितों और उपभोक्ता सेवाओं को लेकर चर्चा भी की जाएगी।
ऊर्जा विभाग ने संकल्प-पत्र के आधार पर विभिन्न पदों पर एमपी ऑन लाइन के माध्यम से परीक्षा लेकर द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ श्रेणी आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती की है। चयनित पदों में बिजली इंजीनिय़र, सिविल इंजीनियर, लेखाधिकारी, सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक, सहायक विधि अधिकारी, लाइन अटैंड़ेंट, सिक्य़ोरिटी ऑफिसर, पॉवर प्लांट फार्मासिस्ट, केमिस्ट, एएनएम, ट्रेसर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्निशियन, रेडियोग्राफर, ईसीजी टैक्निशियन, पब्लिसिटी ऑफिसर, मेडिकल ऑफिसर आदि पद शामिल हैं।





