Tuesday, June 2, 2026
spot_img

विजन नहीं रीजन डाक्यूमेंट पर चर्चा करे योगी सरकार : अखिलेश

(24x7newstime Correspondent)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में योगी सरकार के विजन डाक्यूमेंट पर जारी चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को विजन नहीं रीजन डॉक्यूमेंट को निकालकर बताना चाहिए कि उन्होंने किस वजह से अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। इन्होंने नौ साल में भ्रष्टाचार लूट, बेईमानी की। सरकार कानून व्यवस्था, बाढ़ नियंत्रण, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास हर मामले में असफल हो गई है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गये है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नफरत और भेदभाव की राजनीति से जनता में भारी आक्रोश है। भाजपा की नकारात्मक कार्यप्रणाली को जनता समझ गयी है। इस सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपाई गरीबों की और सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे है। जनता की गाढ़ी कमाई से आया बजट का बंदरबांट कर लिया। पूरे प्रदेश का माहौल भाजपा के खिलाफ है। जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार हैं, भाजपा सरकार जनता का सामना करने से डरी हुई है।
उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और उनके संगी सहयोगियों से दस साल का हिसाब मांग रही है। भाजपा के पास छिपने का कोई रास्ता नहीं है। जनता को धोखा देने के लिए भाजपा सरकार एक बार फिर झूठे सपने दिखाने का कुचक्र रच रही है। भाजपा सरकार के पास प्रदेश की जनता के लिए कोई विजन नहीं है। नौ साल में प्रदेश में एक भी बिजली घर नहीं लगाया। सड़कों के गड्ढे तक नहीं भर पाएं। लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए कहीं कोई बांध नहीं बनाया। भाजपा सरकार का खामियाजा आज प्रदेश की जनता भुगत रही है। प्रदेश के दर्जनों जिलों और लाखों की आबादी बाढ़ से घिरी हुई हैं उसके पास खाने रहने की जगह नहीं है। लोग बेबस है। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का बुरा हाल है। अस्पतालों में गरीब मरीजों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक उपकरणों की कमी है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौ साल में जिला स्तर का एक भी अस्पताल नहीं बनाया। स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। एम्बुलेंस सेवाओं को बर्बाद कर दिया। स्कूल बंद किये जा रहे है। भाजपा सरकार गरीबों को शिक्षा से दूर- करने का षड्यंत्र कर रही है। एक-एक करके सारी सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। भाजपा सरकार नौकरी, रोजगार खत्म करती जा रही है। किसानों से किया वादा पूरा नहीं किया। जो सरकार किसान को खाद, बीज और पानी समय पर नहीं उपलब्ध करा पा रही है। जिसने मंडी की व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। कई बार वादा करके किसानों की आय दोगुनी करने में असफल रही हो उसके पास कोई विजन नहीं हो सकता है।
उन्होने कहा कि भाजपा का एक ही विजन है। जनता को गुमराह करना और धोखा देना। भ्रष्टाचार और लूट करना। समाज में नफरत फैलाना और भेदभाव करना इस सरकार के हर निर्माण में भ्रष्टाचार और लूट है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles