Wednesday, June 3, 2026
spot_img

कांग्रेस नए शहर अध्यक्ष की नियुक्ति के खिलाफ खून से लिखा गया खत

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के 71 नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद संगठन के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है। भोपाल कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष प्रदीप ‘मोनू’ सक्सेना ने मंगलवार को बिट्टन मार्केट स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने खून से पत्र लिखकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से न्याय की मांग की और मौजूदा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
श्री सक्सेना ने भोपाल के नव नियुक्त शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना की नियुक्ति को लेन-देन का परिणाम बताया और आरोप लगाया कि उनका संबंध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं से भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे दिल्ली जाकर श्री राहुल गांधी के सामने आत्मदाह करने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे वर्षों से संगठन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, परन्तु उनकी आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता श्री राहुल गांधी को अंधेरे में रखकर व्यापमं घोटाले से जुड़े लोगों को संगठन में पद दिलवा रहे हैं। इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन को आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी।
पूर्व में भी श्री सक्सेना ने आरोप लगाया था कि शहर अध्यक्ष का पद पाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की डिफेंडर कार गिफ्ट की गई है। उन्होंने जल्द ही इसके प्रमाण सार्वजनिक करने की बात कही है।
उधर, 24 अगस्त को दिल्ली में श्री राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे नव नियुक्त जिला अध्यक्षों की पहली बैठक लेंगे, जिसमें संगठन को मजबूत करने की रूपरेखा बताई जाएगी।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles