Tuesday, June 2, 2026
spot_img

नागरिकों को अधिकार के साथ कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए : रेखा

(24x7newstime Correspondent)
नयी दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को केवल अपने अधिकारों की बात नहीं करनी चाहिए बल्कि अपने कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए।
श्रीमती गुप्ता ने आज शाम यहां भारत मंडपम में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ संगीत समारोह में कहा कि सैकड़ों की संख्या में राजधानी के नागरिक इस उत्सव में देशभक्ति की भावना के साथ सम्मिलित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्रता के प्रति अपने भाव को कुछ शब्दों में व्यक्त करना हो तो यही कहना चाहूंगी कि “तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित।” देश के लिए और अधिक योगदान देने की अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि जीवन में हमें और अवसर प्राप्त हों ताकि हम राष्ट्र की सेवा कर सकें। देश के प्रत्येक नागरिक को केवल अपने अधिकारों की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपने कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए। आज का यह अवसर हमें यही याद दिलाता है कि देश के प्रति हमारी निष्ठा, त्याग और सेवा ही सबसे बड़ा सौभाग्य है।”
मुख्यमंत्री ने सभी को यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि तिरंगे की शान कभी झुकेगी नहीं और भारत की संस्कृति, विरासत तथा विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए हर भारतवासी के हृदय में केसरी का साहस, सफ़ेद की शांति और हरे का समृद्ध भविष्य सदैव लहराता रहेगा। उन्होंने कहा , “तिरंगा हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का साक्षी और भविष्य के भारत का वादा था।”
उन्होंने कहा कि तिरंगे की असली ताक़त उसके धागों में नहीं, बल्कि उसमें निहित उस भावना में है जो हमें एकजुट करती है और हर चुनौती का सामना करने का साहस देती है। उन्होंने उल्लेख किया कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सीमाओं की रक्षा, विज्ञान और खेल की उपलब्धियों तक, हर मोड़ पर तिरंगा हमारे साहस और एकता का प्रतीक रहा है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles