(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को खुश करने के लिए देश के कपास किसानों को दांव पर लगा दिया है।
श्री केजरीवाल ने आज कहा कि श्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को खुश करने के लिए देश के कपास किसानों को दांव पर लगा दिया है। एक तरफ अमेरिका लगातार भारत के सम्मान पर हमला कर रहा है। अमेरिकी सरकार भारतीय व्यापारियों और उद्योगों पर हमला कर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री ट्रम्प के आगे नतमस्तक हैं। मोदी सरकार भारतीय बाजारों को अमेरिकी सामानों से भर देना चाहती है। प्रधानमंत्री को भारतीय किसानों, व्यापारियों और उद्योगों से ज्यादा अमेरिका की चिंता है।
उन्होंने एक्स पर कहा ” श्री ट्रम्प को ख़ुश करने के लिए देश भर के कपास किसानों को दांव पर लगा दिया। दोनों देशों के बीच ये कैसी बातचीत चल रही है? केवल एक तरफा बातचीत? अपने किसानों, व्यापारियों और युवाओं के रोज़गार को ताक पर रख कर भारतीय बाज़ार को पूरी तरह से अमेरिकियों के लिए खोला जा रहा है। अगर पूरे भारतीय बाज़ार पर अमेरिकियों का कब्ज़ा हो गया तो हमारे लोग कहां जाएंगे? ट्रम्प के सामने ऐसा सरेंडर ना केवल भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए घातक है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का अपमान भी है। देश उम्मीद करता है कि प्रधानमंत्री कमजोर नहीं पड़ेंगे और देश के मान की रक्षा करेंगे।”





