राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों की दिल्ली में 10 सितंबर को बैठक, देशभर में एसआईआर की तैयारी पर हो सकती है चर्चा

0
138

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)

नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (सीईओ) की 10 सितंबर को दिल्ली में बैठक बलायी है जिसमें पूरे देश में राज्यों की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करने की तैयारी के बारे में विशेष रूप से चर्चा की जायेगी।
चुनाव आयोग सूत्रों ने रविवार को यहां कहा,” आयोग ने राज्यों के सीईओ के साथ हर तीन महीने में बैठक करने का एक सिलसिला शुरू किया है। इसी तरह की एक बैठक दिल्ली में 10 सितंबर को बुलायी गयी है।”
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में आयोग राज्यों के सीईओ के साथ प्रशासनिक और बजट संबंधी विषयों पर चर्चा करने के साथ साथ ही देशभर में मतदाता सूचियां के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारी पर चर्चा कर सकता है ।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद संभालने के बाद सीईओ के साथ इस तरह की नियमित बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ है। श्री कुमार के कार्यकाल में आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को और मजबूत एवं अधिक पारदर्शी बनाने, तथा मतदाताओं के साथ-साथ अन्य हितधारकों की सुविधा के लिए स्थापित नियमों के तहत कई नयी पहल की है।
इनमें राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के साथ नियोजित बैठक, बूथ स्तरीय अधिकारियों के लिए वर्कशॉप, आयोग का एकीकृत डिजिटल ऐप और ऐसी तमाम पहलें शामिल हैं।
एसआईआर को लेकर कांग्रेस और कुछ पार्टियों ने अपनी आपत्तियां व्यक्त की हैं और इसे एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रखा है। इस मुद्दे को उच्चतम न्यायालय में भी ले जाया गया है। न्यायालय ने बिहार की सूची के पुनरीक्षण पर कोई रोक नहीं लगायी है और पुनरीक्षण का काम अंतिम चरण की ओर अग्रसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here