अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया पलटवार

0
219

कहा- बार-बार हिन्दू आस्था का मजाक उड़ाना समाजवादी पार्टी की आदत बन चुकी है
(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के ताज़ा बयानों पर करारा पलटवार किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव ने एक बार फिर हिन्दू आस्था और हमारी सनातन परंपरा का अपमान किया है। अखिलेश यादव ने भारत की प्राचीन ज्योतिष विद्या, वेदों और ऋषियों के ज्ञान का भी उपहास उड़ाया। आज पूरा विश्व भारतीय ज्योतिषीय गणनाओं और वैदिक खगोलशास्त्र की तारीफ़ करता है, नासा तक हमारी परंपराओं को वैज्ञानिक मानता है। लेकिन अखिलेश यादव इसे अंधविश्वास बताकर भारत की महान परंपरा का अपमान कर रहे हैं। जिस व्यक्ति की सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं, वही आज खुले मंच से भगवान हनुमान जी का मजाक बना रहे हैं। अखिलेश यादव कहते हैं कि हमारे सारे भगवान अंतरिक्ष में रहते हैं, यह बयान साफ़ दिखाता है कि उन्हें हिन्दू देवी-देवताओं की श्रद्धा और आस्था से चिढ़ है। अखिलेश यादव को अपने बयान पर पूरे हिन्दू समाज से माफी मांगनी चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम सब जानते हैं कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, अदालत में भी बाधाएं डलवाने का काम किया और जब रामलला विराजमान का भव्य मंदिर बन रहा था तब भी इनकी पार्टी के नेता अपमानजनक टिप्पणी करते रहे। अब जब पूरा देश राममंदिर और हनुमान जी की भक्ति में लीन है, अखिलेश यादव उन्हें हास्यास्पद उदाहरण बनाकर प्रस्तुत कर रहे हैं। बार-बार हिन्दू आस्था का मजाक उड़ाना समाजवादी पार्टी की यही पहचान है। यह मानसिकता ही बताती है कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी न केवल भगवान के प्रति असम्मान दिखाते हैं बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के भी विरोधी हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव जिस बुलडोज़र पर तंज कसते हैं, वह अपराधियों और माफियाओं की नींद उड़ाने का प्रतीक बन चुका है। असल में बुलडोज़र से परेशानी अपराधियों को है और अखिलेश यादव को इसलिए है क्योंकि बुलडोज़र उनके माफिया मित्रों पर चलता है। शिक्षक भर्ती पर अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ा नकल माफिया और शिक्षा माफिया अखिलेश यादव की ही सरकार में पनपा था। भाजपा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है, लेकिन अपराधियों के संरक्षक अखिलेश यादव को यह रास नहीं आ रहा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि गायत्री प्रजापति और आज़म खान जैसे अपराधियों की पैरवी करने वाले अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। जिनके चेहरे पर आज भी बलात्कारियों और माफियाओं का साया हो, उन्हें जनता का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है।
महाकुंभ और किसानों पर अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ के नाम पर अव्यवस्था और शर्मिंदगी तो अखिलेश की सरकार की पहचान थी, जबकि योगी सरकार ने उसे विश्वस्तरीय पहचान दिलाई। किसान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं, लेकिन अखिलेश यादव को किसानों की नहीं, केवल अपनी वोटबैंक की चिंता है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव केवल अपराधियों की पैरवी और भारतीय संस्कृति के अपमान करना जानते हैं। सच तो यह है कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में उन्हें करारा जवाब देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here