Tuesday, June 2, 2026
spot_img

आधुनिक उपकरणों एवं तकनीक से लैस होगी राममंदिर की सुरक्षा

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
अयोध्या । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के संपूर्ण परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त दुरूस्त करने को लेकर राममंदिर स्थायी सुरक्षा समिति की अहम बैठक राममंदिर परिसर में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले के पुलिस के सभी आला अधिकारी, खुफिया एजेंसी के प्रमुखों के साथ परिसर की सुरक्षा में तैनात अर्द्ध सैनिक बलों के अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी सुरक्षा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी ली।
सुरक्षा व्यवस्था की स्थाई समिति की बैठक में राममंदिर परिसर की सुरक्षा को आधुनिक तकनीक से लैस करने पर जोर दिया गया। बैठक में राममंदिर की सुरक्षा को और पुख़्ता करने के लिए हाईटेक सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता का प्रस्ताव रखा गया। सुरक्षा व्यवस्था की स्थाई समिति में जो भी प्रस्ताव आए हैं उन्हें राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
श्रीराम मंदिर का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है, जिससे नई सुरक्षा चुनौतियां सामने आ रही हैं। शुरू से ही राम जन्मभूमि मंदिर आतंकी संगठनों की हिट लिस्ट में है, इस कारण अब हाईटेक उपकरणों से आतंकियों की किसी भी संभावित साजिश को नाकाम करने की योजना बनाई गई।
श्रीराम मंदिर की स्थाई सुरक्षा समिति की बैठक के बाद उपस्थित अधिकारियों ने श्रीराम मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण और विकास कार्यों की समीक्षा की। सुरक्षा समिति ने स्पष्ट किया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है उस अनुरूप सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र, प्रबंधन का कार्य देख रहे गोपाल राव, एडीजी सुरक्षा रघुवीर लाल, कमिश्नर राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टी फुंडे, एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर, पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles