(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन कर करके जन्मदिन की बधाई दी और श्री मोदी ने उनको इस पर धन्यवाद कहते हुए भारत और अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को मिलकर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने श्री ट्रंप से हुई इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स एक पर एक पोस्ट में दी।
श्री मोदी ने कहा, ”मेरे मित्र, राष्ट्रपति ट्रम्प, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फ़ोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। आपकी तरह, मैं भी भारत-अमेरिका व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूँ। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपकी पहल का समर्थन करते हैं।”
श्री ट्रंप ने श्री मोदी के साथ इस बातचीत को सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने श्री मोदी के साथ हुई बातचीत को बहुत शानदार बताते हुए यूक्रेन रूस लड़ाई खत्म करने में भारतीय प्रधानमंत्री के सहयोग के प्रति आभार जताया है।
दोनों नेताओं की कनाडा में हुए पिछले जी-7 सम्मेलन के समय टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद यह पहली फोन वार्ता हुई है। इस बीच अमेरिका की ओर से भारत पर रूस से कच्चे तेल के आयात के दंड स्वरूप अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने से दोनों देशों के संबंधों में तनाव पैदा हो गया था। पिछले कुछ समय से श्री ट्रंप की ओर से सोशल मीडिया पर भारत के साथ संबंधों पर सकारात्मक टिप्पणियां की गईं हैं। दोनों देश के व्यापार अधिकारियों की आज ही नयी दिल्ली में एक बैठक में व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के बारे में सकारात्मक बातचीत हुई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को होता है पर श्री ट्रम्प ने उनको एक दिन पहले ही बधाई दे दी।





