(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
पुणे । दिल्ली पुलिस ने टीवी और फिल्म अभिनेता आशीष कपूर को यौन उत्पीड़न के आरोप में बुधवार को पुणे से गिरफ्तार किया है। एक महिला का आरोप है कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में हुई एक हाउस पार्टी के दौरान आशीष ने बाथरूम में उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि कपूर इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला के संपर्क में आए थे, फिर जल्द ही उन दोनों के बीच दोस्ती हो गयी। बाद में अभिनेता ने महिला को पार्टी के लिए घर पर बुलाया था, जहाँ पहले से कपूर के एक अन्य दोस्त और उनकी पत्नी मौजूद थी। महिला ने आरोप लगाया कि कपूर ने बाथरूम में उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसके दोस्त की पत्नी ने भी उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि हालांकि बाद में आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने ही पुलिस को उत्पीड़न की सूचना भी दी।
आशीष कपूर ने ‘सात फेरे’ और ‘देखा एक ख्वाब’ जैसे मशहूर टीवी धारावाहिक और ‘इनकार’, ‘कुर्बान’, ‘टेबल नंबर- 21’ आदि फिल्मों में काम किया है।





