प्रसार भारती और एएक्स स्पोर्ट ने ग्लोबल लीग रेसलिंग के प्रसारण के लिए साझेदारी की

0
182

(24x7newstime Correspondent)
नई दिल्ली। भारत के खेल मनोरंजन परिदृश्य को बदलने वाले एक ऐतिहासिक कदम के तहत, राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती ने यूके स्थित एडिग्रुप की स्पोर्ट्स इनोवेशन वर्टिकल एएक्स स्पोर्ट के साथ एक रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत ग्लोबल लीग रेसलिंग(जीएलडब्ल्यू) -भारत और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अपनी तरह की पहली पेशेवर रेसलिंग लीग – का प्रसारण किया जाएगा।
यह अनूठा सहयोग प्रसार भारती के टीवी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और रेडियो के व्यापक राष्ट्रीय नेटवर्क को एएक्स स्पोर्ट की ग्लोबल ब्रांडिंग, कंटेंट, प्रोडक्शन, आईपी और मार्केटिंग विशेषज्ञता के साथ जोड़ते हुए भारतीय, एशिया-प्रशांत और वैश्विक दर्शकों के लिए एक विश्वस्तरीय खेल मनोरंजन प्रॉपर्टी तैयार करेगा।
जीएलडब्ल्यू का आधिकारिक लॉन्च 17 सितंबर 2025 को होगा और इसका प्रसारण 4 अक्टूबर 2025 से शुरू होगा, जो भारत सरकार के खेल और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के प्रयासों के अनुरूप है। जीएलडब्ल्यू का प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर और प्रसार भारती के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ तथा आकाशवाणी (एआईआर) पर स्ट्रीम किया जाएगा। पहला सीजन 40 सप्ताह तक चलेगा और इसमें परिवार-उन्मुख, रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
प्रसार भारती के अध्यक्ष नवीन कुमार सहगल ने कहा, “यह भारतीय प्रो-रेसलिंग के लिए एक नए युग की शुरुआत है। उद्देश्य है भारतीय खेलों को वैश्विक मानकों तक पहुंचाना। हॉकी इंडिया, हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, पीजीटीआई और अन्य के साथ हमारी मौजूदा साझेदारियों के आधार पर, यह सहयोग विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है और भारत की नई पीढ़ी के युवाओं और खिलाड़ियों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।”
प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा, “यह साझेदारी भारतीय दर्शकों को आकर्षक, सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक और उच्च-गुणवत्ता वाला कंटेंट उपलब्ध कराने के लिए प्रसार भारती की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जीएलडब्ल्यू एक नए तरह का युवा-केंद्रित कार्यक्रम प्रस्तुत करता है, जो पारंपरिक भारतीय कहानी कहने की शैली को अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन मानकों के साथ जोड़ता है।”
एडिग्रुप और एएक्स स्पोर्ट के अध्यक्ष संजय विश्वनाथन ने कहा, “जीएलडब्ल्यू, एएक्स स्पोर्ट के व्यापक मिशन का हिस्सा है, जिसके तहत हम दुनिया भर के खेल प्रेमियों के लिए गहन और समावेशी खेल-आधारित सांस्कृतिक अनुभव तैयार कर रहे हैं। हम जीएलडब्ल्यू को 17 सितंबर के शुभ दिन पर भारत को समर्पित कर रहे हैं, ताकि भारतीय युवाओं में प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता के माध्यम से गर्व और आत्मविश्वास का निर्माण हो सके और भारतीय प्रो-रेसलिंग प्रतिभा को वैश्विक मंच पर चमकने का अवसर मिले।”
जीएलडब्ल्यू के प्रारूप को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप सावधानीपूर्वक तैयार किया गया है, जिसमें कथा संरचना, प्रोडक्शन डिज़ाइन और खिलाड़ी प्रस्तुति के वैश्विक मानकों को अपनाया गया है। यह लीग मौलिक पात्रों, सिनेमाई स्टोरीलाइन और परिवार-उपयुक्त प्रोडक्शन वातावरण के साथ एक नई कहानी कहने की प्रणाली प्रस्तुत करेगी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here