(24×7 न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली । कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की वोट चोरी के खिलाफ बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही इंडिया गठबंधन के अखिलेश यादव, एम के स्टालिन तथा हेमंत सोरेन जैसे प्रमुख नेता भी शामिल होंगे।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को यहां बताया कि श्री गांधी की यात्रा में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी तथा हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
श्री खेड़ा ने कहा कि मतदाता अधिकार यात्रा वोट चोरी के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बन गई है, जो न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लोगों को आकर्षित कर रही है इसलिए आने वाले सप्ताह में देश और कांग्रेस के प्रमुख नेता इस यात्रा में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि श्री गांधी की 17 अगस्त को बिहार के सासाराम में शुरु हुई वोटर अधिकार यात्रा 20 जिलों को कवर करते हुए 1300 किमी चलने के बाद एक सितंबर को पटना में समाप्त होगी।





