(24x7newstime Correspondent)
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर-घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
भाजपा विधायक शर्मा का दावा है कि यह भारत की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा है जिसका आयोजन भोपाल में हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में सम्मिलित होकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद भी मौजूद रहे।
मुखर्जी नगर कोलार से संत नगर बैरागढ़ तक निकली इस यात्रा में 50 हजार से अधिक दोपहिया वाहनों के साथ एक लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। जगह-जगह 1100 स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में ब्रह्मोस मिसाइल का प्रारूप और अनेकों झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस वर्ष की तिरंगा यात्रा को ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित किया गया। यात्रा के दौरान एक अनुशासन का अनूठा उदाहरण भी देखने को मिला, जब भारी भीड़ के बावजूद प्रतिभागियों ने एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता दिया।
देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष के बीच पांच किलोमीटर लंबी इस यात्रा ने भोपाल की सड़कों को तिरंगामय कर दिया। हर वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर अखंड भारत के संकल्प के साथ ‘कर्मश्री’ संस्था द्वारा यह यात्रा निकाली जाती है, जो अपने ऐतिहासिक स्वरूप के कारण देशभर में चर्चा का केंद्र बनी रहती है। गांवों से लेकर शहर के कोने-कोने तक तिरंगों से सजे भोपाल में हर-घर तिरंगा अभियान का जोश चरम पर दिखाई दे रहा है।





