Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मोदी कल बिहार, बंगाल मेंं 18200 करोड़ रुपये के कार्यों का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और 18,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे । प्रधानमंत्री कार्यालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री मोदी शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे बिहार के गया में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे । प्रधानमंत्री गया से दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इनमें गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस तथा वैशाली और कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन शामिल होगी। वह वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
इसके बाद वह गंगा नदी पर औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का दौरा करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री उसी दिन शाम को सवा चार बजे कोलकाता में नवनिर्मित खंडों पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से जय हिंद विमानबंदर तक मेट्रो की सवारी करेंगे। इसके अलावा, वह कोलकाता में 5,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर 8.15 किलोमीटर लंबे औंटा-सिमरिया पुल परियोजना में गंगा नदी पर 1.86 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला पुल भी शामिल है, जिसका निर्माण 1,870 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हुआ है। यह पटना के मोकामा और बेगूसराय के बीच सीधा संपर्क प्रदान करेगा।
यह पुल “राजेंद्र सेतु” के समानांतर बनाया गया है। नया पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के क्षेत्रों के बीच आवागमन करने वाले भारी वाहनों के लिए 100 किलोमीटर से अधिक की अतिरिक्त यात्रा दूरी को कम करेगा।
श्री मोदी बिहार में 1,900 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बख्तियारपुर से मोकामा तक चार लेन वाले खंड का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-120 के बिक्रमगंज-दावथ-नवानगर-डुमरांव खंड के पक्के शोल्डर सहित दो लेन के सुधार की परियोजना भी चालू हो की जाएगी।
प्रधानमंत्री लगभग 6,880 करोड़ रुपये की लागत से बक्सर ताप बिजली घर की 660 मेगावाट क्षमता की पहली इकाई का उद्घाटन करेंगे। वह मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह अत्याधुनिक सुविधा बिहार और पड़ोसी राज्यों के रोगियों को उन्नत और किफायती कैंसर देखभाल प्रदान करेगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के महानगरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
प्रधानमंत्री मुंगेर में नमामि गंगे के तहत निर्मित 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह इस दौरे में 1,260 करोड़ रुपये की लागत वाली शहरी अवसंरचना परियोजनाओं की एक श्रृंखला का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें औरंगाबाद और जहानाबाद के दाउदनगर में एसटीपी और सीवरेज नेटवर्क, लखीसराय और जमुई के बरहिया में एसटीपी और इंटरसेप्शन व डायवर्जन कार्य शामिल हैं। अमृत 2.0 के तहत, वह औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
श्री मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12,000 ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत 4,260 लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में कुछ लाभार्थियों को मकान की चाबियाँ सौंपेंगे।
इस दौरे के पश्चिम बंगाल चरण में प्रधानमंत्री कोलकाता में मेट्रो रेलवे के 13.61 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित मेट्रो नेटवर्क का उद्घाटन किया जाएगा और इन मार्गों पर मेट्रो सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। वह जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन जाएँगे, जहाँ वे जेसोर रोड से नोआपाड़ा-जय हिंद विमानबंदर मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएँगे। इसके अलावा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से, वे सियालदह-एस्प्लेनेड मेट्रो सेवा और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवा को भी हरी झंडी दिखाएँगे। वे जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से जय हिंद विमानबंदर और वापस मेट्रो की सवारी भी करेंगे।
श्री मोदी पश्चिम बंगाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 7.2 किलोमीटर लंबे छह-लेन एलिवेटेड कोना एक्सप्रेसवे की आधारशिला भी रखेंगे। इससे हावड़ा, आसपास के ग्रामीण इलाकों और कोलकाता के बीच परिवहन सुविधा बढ़ेगी

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles