मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी के अच्छे वक्ता सामने आते हैं। भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल में शास्त्रार्थ होते थे, जो अब वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का रूप ले चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेल, खेल, कृषि और रक्षा विभाग सहित सभी विभागों के बजट में काफी वृद्धि हुई है और देश का विकास तीव्र गति से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वाद–विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्व. निर्भय सिंह पटेल अपनी ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा के लिए हमेशा याद किए जाते रहेंगे। उन्होंने अपने कृतित्व और व्यक्तित्व से इंदौर की राजनीति में अलग ही पहचान स्थापित की। श्री तोमर ने कहा कि “प्रतिकूलता में से अनुकूलता निकालने” की जो कला स्व. श्री पटेल में थी वह अनूठी ही थी। उन्होंने सुझाव दिया कि इस वर्ष की वाद-विवाद प्रतियोगिता के विषय में भारत सरकार के कृषि, रेल और खेल विभाग को शामिल किया गया है। अगले वर्ष से रक्षा विभाग को भी शामिल किया जाना चाहिए।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि स्व. निर्भय सिंह पटेल की तरह सार्वजनिक जीवन में ईमानदार रहकर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। स्व. श्री पटेल ने प्रदेश में एक ईमानदार और सशक्त मंत्री के रूप में अपनी पहचान स्थापित की जो आज भी याद की जाती है। विधायक मनोज पटेल ने कहा कि यह उनके पिता दादा श्री निर्भय पटेल की स्मृति में आयोजित होने वाला एक ऐसा कार्यक्रम है, जो युवाओं को लम्बे समय से देश के बारे में सोचने और नई दिशा देने के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर स्व. निर्भय सिंह पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने और जीतू जिराती ने आभार माना। वाद-विवाद प्रतियोगिता के पक्ष विषय के विजेता छात्र जय मिश्रा और विपक्ष विषय के विजेता छात्र संघमित्र भार्गव ने भी व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।





