(24×7 न्यूजटाइम संवाददाता)
शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस अनु विभाग के ग्राम लिलवारा के युवक गिरिराज प्रजापति को आपदा नायक बताते हुए केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को उन्हें सम्मान स्वरूप एक ट्रैक्टर भेंट किया।
इस अवसर पर श्री सिंधिया ने कहा कि बाढ़ के दौरान अपनी पूरी ताकत से ग्रामीणों की जान माल की हिफाजत करने वाले गिरिराज प्रजापति जैसे लोगों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाना चाहिए। आज देश को इस प्रकार के युवाओं की जरूरत है जो वक्त आने पर दूसरों के जान माल की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि 27 से 29 जुलाई तक इस क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान गिरिराज ने अनेक लोगों की जान बचाई। यह उनकी बहुत उत्कृष्ट सेवा थी। इसलिए उन्हें सम्मान स्वरूप ट्रैक्टर भेंट किया गया है, जिससे वह और तरक्की करें। इस अवसर पर श्री सिंधिया ने ट्रैक्टर चला कर इसका उद्घाटन भी किया।





