Tuesday, June 2, 2026
spot_img

कांग्रेस गली-गली वाली नहीं गाली वाली पार्टी बन गई है : भाजपा

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)

नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए संबोधित किए गए शब्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरूवार को आपत्ति दर्ज कराते हुए कांग्रेस को गाली देने वाली पार्टी बताया है।
पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भाजपा मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता जी के लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया उसने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में एक यात्रा चल रही है और उस यात्रा में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग हो रहा है, यह बड़े दुख और क्षोभ का विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक मर्यादा होती है, सुषमा जी ने एक बार सदन में कहा था कि हम शत्रु नहीं हैं, विचारधारा के आधार पर विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि इस भाषा के जनक राहुल गांधी हैं, जिन्होंने दरभंगा की रैली के मंच से प्रधानमंत्री जी की मां और प्रधानमंत्री जी के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इससे लगभग 5-7 दिन पहले से राहुल गांधी प्रधानमंत्री जी को तू कहकर संबोधित कर रहे हैं।
श्री पात्रा ने कहा कि जो पार्टी अपने आप को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती थी, वह गांधी जी की पार्टी थी। लेकिन, आज जो पार्टी अपने आप को तथाकथित रूप से स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है, वह आज गाली वाली पार्टी बन गई है। ये महात्मा गांधी जी की पार्टी नहीं, बल्कि तथाकथित नकली गांधी परिवार की पार्टी है।
श्री पात्रा ने कहा कि आज भाषा की मर्यादा तार-तार हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गवासी मां के लिए जिस कटुतापूर्ण, अश्लीलता पूर्ण भाषा का प्रयोग किया गया है, उसके लिए उस कांग्रेस पार्टी को शर्मसार होना चाहिए, जो अपने आप को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है।
श्री पात्रा ने राहुल गांधी की भाषा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनमें कूट-कूट कर अहंकार भरा हुआ है। इनको लगता है कि भारतवर्ष इन्हीं का है। इनको अगर भारत में गद्दी नहीं मिलती, तो ये लोकतांत्रिक रूप से चुने गए व्यक्ति को अपशब्द भी बोल देते हैं। इतना हीं नहीं वे देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ आरोप लगाने के साथ अपशब्द भी बोल रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार की जनता इस प्रकार की भाषा को देख और परख रही है, जो समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
उन्होंने कहा कि अपशब्दों का प्रयोग करने में राहुल गांधी, संजय राऊत और मणिशंकर अय्यर में कोई अंतर नहीं है। श्री पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री समेत देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं सीबीआई, चुनाव आयोग, ईडी आदि पर आरोप और अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles