Tuesday, June 2, 2026
spot_img

रिलायंस ने एआई के लिए गूगल क्लाउड के साथ की रणनीतिक साझेदारी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गुरुवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने स्पष्ट किया कि यह साझेदारी भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाने में मदद करेगा। गुजरात के जामनगर में रिलायंस और गूगल क्लाउड मिलकर एक अत्याधुनिक, एआई-केंद्रित क्लाउड रीजन बनायेंगे। यह नया प्रोजेक्ट पूरी तरह से हरित ऊर्जा से चलेगा। जामनगर को मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख महानगरों से जोड़ने के लिए रिलायंस जियो उच्च क्षमता वाली इंट्रा-और इंटर-मेट्रो फाइबर कनेक्टिविटी देगा।
रिलायंस जामनगर में अत्याधुनिक क्लाउड सुविधा और संबंधित नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर का डिजाइन, निर्माण और संचालन करेगा। वहीं, गूगल क्लाउड अपने शक्तिशाली एआई हाइपरकंप्यूटर और एआई स्टैक लगायेगा जो जनरेटिव एआई मॉडल, डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म और एआई-संचालित एप्लिकेशन प्रदान करेगा।
कंपनी ने बताया कि यह एआई-केंद्रित क्लाउड रीजन जियो के डिजिटल नेटवर्क को ताकत देगा, सुरक्षा बढ़ायेगा और उसके बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा। साथ ही रिलायंस रिटेल के इकोसिस्टम को बेहतर बनाने, विश्वसनीयता बढ़ाने और सुरक्षा प्रदान करने का काम भी करेगा। रिलायंस के सभी व्यवसायों को एआई का उपयोग करके प्रदर्शन सुधारने में भी यह परियोजना मदद करेगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि गूगल क्लाउड के साथ यह साझेदारी देश की टेक्नोलॉजी यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगी। रिलायंस के बुनियादी ढांचे, रिन्यूएबल एनर्जी और राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के सहयोग से गूगल क्लाउड की एआई क्षमताओं को जामनगर में लाकर देश के एआई में वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनने की नींव पड़ रही है।
गूगल और उसकी प्रवर्तक कंपनी अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा, “हम लंबे समय से भारत के डिजिटल भविष्य में निवेश कर रहे हैं, और रिलायंस तथा जियो के साथ हमारी साझेदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पिछले एक दशक में हमारे साथ मिलकर, किये गये काम ने लाखों लोगों तक किफायती इंटरनेट पहुंचाने में मदद की है। अब हम एआई के साथ अगली छलांग लगाने की तैयारी कर रहे हैं। हम मिलकर भारत के एआई भविष्य का निर्माण करने को तैयार हैं।”

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles