Tuesday, June 2, 2026
spot_img

रीवा जिले के गोविंदगढ़ खेल मैदान में गूंजा गिद्ध संरक्षण का संदेश

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
रीवा, 07 सितंबर। मध्यप्रदेश में रीवा जिले के गोविंदगढ़ खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय विभागीय खेल प्रतियोगिता इस बार विशेष रही। खेलों के साथ-साथ यहां अंतरराष्ट्रीय गिद्ध संरक्षण जागरूकता दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर वन विभाग रीवा के सहयोग से वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया ने गिद्ध संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया।
प्रतियोगिता में रीवा, सीधी, सतना, सिंगरौली और मऊगंज के वन अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। महिला और पुरुष वर्ग के लिए दौड़, ऊंची कूद, भाला फेंक, गोला फेंक, फुटबॉल, वॉलीबॉल और टेनिस बॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन उप वनमंडल अधिकारी एच.एल. सिंह ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में रीवा वृत्त के मुख्य वन संरक्षक राजेश कुमार राय उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी जिलों के रेंजर, फॉरेस्ट गार्ड, ट्रेनीज और रेफरी भी शामिल हुए।
खेल प्रतियोगिता के दौरान गिद्ध संरक्षण पर विशेष चर्चा हुई। वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया और समग्र जन चेतना विकास परिषद के समन्वयक सुनीत ने कहा कि गिद्ध पर्यावरण की प्राकृतिक सफाई व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लेकिन इनकी संख्या में तेजी से गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने गिद्धों के विलुप्त होने के कारणों, उनके संरक्षण की आवश्यकता और रीवा जिले में चल रहे संरक्षण प्रयासों की जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि राजेश कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि गिद्ध पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखने में अपरिहार्य हैं। उन्होंने गिद्धों के लिए सुरक्षित भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु वल्चर रेस्टोरेंट स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया और इस दिशा में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles